शाहजहांपुर। मो0आफाक । मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में रोज़ा पुलिस को सफलता मिली है। पुलिस टीम ने अटसलिया रेलवे ओवरब्रिज के पास घेराबंदी कर दो कथित स्मैक तस्करों को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से 46 ग्राम स्मैक, तीन मोबाइल फोन और 600 रुपये नकद बरामद हुए।
पुलिस के अनुसार, 22 नवंबर को रोजा पुलिस क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने और संदिग्ध व्यक्तियों व वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से मिली सूचना पर पुलिस टीम ने ग्राम अटसलिया स्थित रेलवे ओवरब्रिज के पास दबिश दी। मौके से दो संदिग्धों को पकड़कर तलाशी ली गई तो उनके पास से स्मैक बरामद हुई। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान शैलेन्द्र सिंह उर्फ गोरे (25) निवासी पहाड़पुर, थाना मिर्जापुर और रामभजन उर्फ नन्हेलाल (50) निवासी अमईयापुर, थाना अमृतपुर, जनपद फर्रुखाबाद के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, शैलेन्द्र के पास से 25 ग्राम और रामभजन के पास से 21 ग्राम स्मैक मिली। दोनों के कब्जे से तीन मोबाइल फोन और 600 रुपये भी बरामद किए गए। इस मामले में थाना रोजा में मुकदमा संख्या 536/26 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21 में प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने दोनों आरोपितों के खिलाफ विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। कार्रवाई थानाध्यक्ष उमेश कुमार मिश्र के नेतृत्व में की गई। टीम में उपनिरीक्षक प्रदीप कुमार, विजय कुमार तथा कांस्टेबल विजेन्द्र सिंह, पुष्पेन्द्र सिंह, कार्तिक बालियान और लवीश कुमार शामिल रहे।

Current Media