दिल्ली । दिल्ली का जिमखाना क्ल्ब जिसका सदस्य होना ही अपने आप में गर्व की बात समझा जाता है । हर रुतबे का आदमी जिमखाना क्लब का मेम्बर बनने को अपना सौभाग्य मानता है। उस जिमखाना क्लब को अब केन्द्र सरकार ने खाली करने का नोटिस थमा दिया है। दिल्ली में जिमखाना क्लब की ज़मीन और कैंपस खाली करने का सरकारी आदेश काफ़ी चर्चा में है। दिल्ली जिमखाना क्लब ने कहा है कि ज़मीन और कैंपस खाली करने के आदेश के कुछ मुद्दों पर स्थिति स्पष्ट करने के लिए वह लैंड एंड डेवलपमेंट ऑफिस को चिट्ठी लिखेगा।
ख़बरों के अनुसार केंद्र सरकार ने क्लब से 5 जून तक अपनी ज़मीन और कैंपस खाली करने को कहा है। सरकार के मुताबिक़ ये ज़मीन करीब 27.3 एकड़ है। क्लब ने अपने सदस्यों को भेजे आधिकारिक संदेश में कहा है कि केंद्र सरकार ने लुटियंस दिल्ली में स्थित उसके कैंपस को डिफ़ेंस स्ट्रक्चर को मजबूत और सुरक्षित करने और पब्लिक सेफ़्टी सुनिश्चित करने के लिए खाली करने को कहा है।
क्लब के मुताबिक़, उसे 22 मई को आवासन और शहरी कार्य मंत्रालय के तहत आने वाले लैंड एंड डेवलपमेंट ऑफिस से नोटिस मिला है। यह ज़मीन दिल्ली के 2,सफदरज़ंग रोड पर स्थित है, जो लोक कल्याण मार्ग स्थित पीएम आवास के पास है। एलएंडडीओ के मुताबिक़, यह ज़मीन मूल रूप से तत्कालीन इम्पीरियल दिल्ली जिमखाना क्लब लिमिटेड को सामाजिक और खेल क्लब चलाने के लिए लीज पर दी गई थी।
अब भारत की राष्ट्रपति ने लीज डीड के तहत मिले अधिकारों का इस्तेमाल करते हुए लीज समाप्त करने और परिसर को तत्काल वापस लेने का आदेश दिया है।
Current Media