Breaking News

गांधी की अंतिम लड़ाई की कहानी है गांधी का सैंतालीस

पुस्तक समीक्षा
समीक्षक –
शाहनवाज़ आलम
सचिव
अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी

लखनऊ। गांधी हमेशा अनएक्सप्लोर्ड रहेंगे। उन्हें खोजने वालों को डर लगा रहेगा कि इससे उनकी अपनी धारणाएं खंडित हो जाएंगी। अपनी स्वनिर्मित धारणाओं के लिए मरने और मारने पर उतारू समाज गांधी को संपूर्णता में कभी नहीं समझना चाहेगा। इसलिए हमारी व्यक्तिगत और सामूहिक दोनों तरह की कायरता हमें गांधी से उचित दूरी बनाये रखने को मजबूर करती है. इस कायरता के कारण ही हम गांधी को सिर्फ़ 1946-47 से पहले तक ही देखना चाहते हैं जब वो अंग्रेजों से लड़ कर हमें आज़ादी देना चाहते थे। यह सुविधाजनक है. सैंतालीस के गांधी असुविधाजनक हैं। इस असुविधाजनक गांधी को हमारे सामने लाने का प्रयास किया है पुष्यमित्र की पुस्तक ‘गांधी का सैंतालीस’ ने. सनद रहे, यह गांधी के अंतिम दिनों का रोज़नामचा नहीं है, यह उनकी आखि़री लड़ाई की कहानी है।

समीक्षक शाहनवाज़ आलम सचिव अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी

सैंतालीस के गांधी के पास हमारी आज की चुनौतियों और सवालों का हल है. लेकिन राजनैतिक और सामाजिक कायरता इस गांधी की तरफ़ पीठ किए रहना चाहती है. और यही हमारी समस्याओं के हल नहीं हो पाने की वजह है।
46-47 के ये असुविधाजनक गांधी
किसी बाहरी शक्ति से नहीं लड़ रहे थे. वो अपनों से लड़ रहे थे इसलिए बिल्कुल अकेले पड़ गए थे. उनके साथ हमेशा खड़ा रहने वाला देश और उसके नेता अब खड़े नहीं थे. (पेज 11)
यह गांधी का एक दूसरा जीवन था. संघर्ष के हथियार भी अब अलग थे. उन्हें समझ में आ गया था कि उनके जिस अहिंसा को लोगों ने अपनाया था वो कमज़ोरों का हथियार थे। शक्तिशाली अंग्रेज़ों के जाने की सूचना के बाद हिंदू, सिख और मुसलमान अब अहिंसा को छोड़ चुके हैं। वो अहिंसा की बात करने वाले गांधी पर नोआखली, बिहार, पंजाब और दिल्ली हर जगह हमला कर रहे हैं. लेकिन विडंबना यह है कि उनके सिवा किसी और पर उन्हें भरोसा भी नही है। वो इसीलिए धर्म से ऊपर उठकर उन्हें दुश्मन और दोस्त भी मान रहे हैं।
हिंदू महासभा और आरएसएस से जुड़े गुंडे गांधीजी के प्रिय भजन रामधुन में ईश्वर और अल्लाह के साथ आने और सर्वधर्म प्रवचन में कुरान की आयतें पढ़ने का विरोध करते हैं. जिसपर गांधी जी प्रवचन रोक देते थे. एक दिन कुछ पंजाबियों ने विरोध करने वालों को वहाँ से चले जाने और गांधी जी से प्रवचन जारी रखने का अनुरोध करते हुए कहा कि “इन लोगों का पंजाब से कोई वास्ता नहीं है। दुखी तो हम हैं. फिर भी आपके दो शब्द सुनकर पवित्र होने आए हैं.”(पेज 178)

गांधी जी ने उसके बाद तय किया कि प्रार्थना में अब सबसे पहले क़ुरान की आयतें ही पढ़ी जाएंगी. (179)
गांधी नकारात्मकता के लिए सीमा और सकारात्मकता के लिए संभावना दोनों थे. “एक सरदार जी ने कहा कि उसने मुसलमानों से रुपये में टका भर तो बदला ले लिया था मगर बाबा आ गया. लोग उन्हें गालियाँ देते, विरोध करते लेकिन उनके रहते लोग मारकाट की हिम्मत नहीं कर पाते. गांधी जी को एक बार दिल्ली से जाने दो, फिर समझ लेंगे.”(पेज 233)
तो वहीं एक पाकिस्तान चले गए मुस्लिम नेता को यह भी उम्मीद है कि “एक दिन ऐसा आएगा जब हिंदुओं-सिखों का एक 50 मील लम्बा क़ाफ़िला पाकिस्तान की तरफ़ अपने घरों तक जाने के लिये निकलेगा, जिस क़ाफ़िले के आगे-आगे महात्मा गांधी चल रहे होंगे. (पेज 305)
इस पुस्तक में एक नई बात गांधी जी के बेटे रामदास द्वारा अपने पिता के हत्यारे गोडसे की फांसी की सज़ा को माफ़ कराने के प्रयासों के संदर्भ की जानकारी है. रामदास जी का इस संदर्भ में गोडसे, नेहरू, पटेल और राजगोपालाचारी जी से पत्राचार हुआ था. (पेज 307, 308, 309). कई अन्य गांधीवादियों ने भी गांधी जी के अहिंसा के सिद्धांत के आधार पर गोडसे की फाँसी का विरोध किया था.
नोआखली, कलकत्ता, बिहार और दिल्ली में सांप्रदायिक दंगों को रोकने के अपने प्रयासों में अंतिम सफलता उन्हें अपनी जान देकर पानी थी। शहादत उनके लिए शांति के महान लक्ष्य को पाने का अंतिम हथियार था। गांधी जी के दूसरे जीवन का यह अंत देश के काम आया. उन्हें अपनी शहादत के काम आने का पक्का भरोसा पहले से था. इसीलिए बलिदान से एक दिन पहले 29 जनवरी को उन्होंने अपनी पोती मनुबेन को कह दिया था कि “अगर उन्हें कोई गोली मार दे और वो राम का नाम लेकर मरें तो तुम यह बात सबको बता देना इसी से भारतीय जनता का कल्याण होगा” (पेज 287).

About currentmedia09@gmail.com

Check Also

तीन अमेरिकी लड़ाकू विमान कुवैत में क्रैश हुए

दुबई । सोशल मीडिया में एक खबर बहुत चल रही है कि अमेरिका के फाईटर …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *