शाहजहांपुर। मो0आफाक । जनपद शाहजहॉपुर के खुटार थाना क्षेत्र में गुरुवार को हुए भीषण सड़क हादसे ने एक परिवार की खुशियां पलभर में मातम में बदल दीं।
रौतापुर कला गांव के पास नेपाल नंबर के तेज रफ्तार टैंकर और कार की आमने-सामने भिड़ंत में नवविवाहिता समेत तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि चार अन्य घायल हो गए। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया।
बताया गया कि पुवायां क्षेत्र के अगौना बुजुर्ग निवासी अविरल की पत्नी 22 वर्षीय कल्पना की शादी 25 अप्रैल को हुई थी। गुरुवार को ससुर अनिल कुमार बहू की विदाई कराकर परिवार के अन्य सदस्यों के साथ कार से घर लौट रहे थे। कार में 14 वर्षीय मोहिनी, छह वर्षीय अभिरांश, पांच वर्षीय अनिमेष, अमित वर्मा और निर्दाेष भी सवार थे।
रौतापुर कला गांव के पास पहुंचते ही सामने से आ रहे तेज रफ्तार टैंकर ने कार में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार लोगों में चीख-पुकार मच गई। हादसे में नवविवाहिता कल्पना, किशोरी मोहिनी समेत तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बाहर निकालकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा।
वहां से दो घायलों की हालत गंभीर होने पर उन्हें राजकीय मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे के बाद गांव और परिवार में शोक की लहर दौड़ गई। अभी तक मृतकों की पूरी पहचान और हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।
Current Media