शाहजहांपुर । मुबारक अली । शाहजहांपुर में चोरी, लूट और नकबजनी जैसी घटनाओं पर रोक लगाने के लिए पुलिस ने निगरानी और तेज कर दी है।
पुलिस अधीक्षक सौरभ दीक्षित के निर्देश पर भंवरे दीक्षा अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण और क्षेत्राधिकारी सदर ने तीन गांवों में कम्युनिटी रीच प्रोग्राम आयोजित किया।
परशुरामपुरी थाना क्षेत्र के सराय सांधौ, मदनापुर थाना क्षेत्र के पंखीखेड़ा और निगोही थाना क्षेत्र के ईशापुर गांव में पुलिस ने लोगों से संवाद किया। यक्ष ऐप पर दर्ज पूर्व अपराधियों की गतिविधियों पर नजर रखने और उन्हें अपराध छोड़कर सामान्य जीवन जीने के लिए प्रेरित किया गया।
पुलिस ने बीट पुलिसिंग मजबूत करने, अपराधियों के आपराधिक इतिहास की समीक्षा करने और दोबारा अपराध करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई के निर्देश दिए। साथ ही जमानत पर छूटे अपराधियों की निगरानी, हिस्ट्रीशीट खोलने और गैंग संबंधी कार्रवाई की भी समीक्षा की जाएगी।
पुलिस का कहना है कि तकनीक, जनसंवाद और सतत निगरानी के जरिए अपराध पर अंकुश लगाने के साथ ही लोगों को सुरक्षित माहौल देने का प्रयास किया जा रहा है।
Current Media 