सहारनपुर । उत्तर प्रदेश के कैराना से सांसद और समाजवादी पार्टी (सपा) की नेता इक़रा हसन ने सहारनपुर में उन्हें हिरासत में लिए जाने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि वह एक लड़के की हत्या के मामले में मृतक के परिवार के साथ डीआईजी दफ़्तर में जांच की गुहार लगाने पहुंची थीं।
वहीं सहारनपुर पुलिस की ओर से जारी बयान में सांसद इक़रा हसन का ज़िक्र नहीं किया गया। लेकिन यह कहा गया कि डीआईजी कार्यालय के बाहर कुछ लोगों ने सड़क जाम की। पुलिस के मुताबिक़, इन लोगों के खिलाफ़ कार्रवाई की जा रही है।
इक़रा हसन ने मीडिया से बातचीत में इस घटना के बारे में बताया है। उन्होंने बताया, एक लड़के की हत्या कर दी गई थी. मृतक की मां मेरे साथ थीं. हम सिर्फ़ पांच लोग डीआईजी साहब के पास निष्पक्ष जांच की गुहार लगाने गए थे। डीआईजी साहब ने इतना सम्मान किया कि वो बुज़ुर्ग महिला रोती हुईं बाहर आईं।
सपा सांसद ने कहा, हम बाहर आए. एक और आवेदन बनाने के लिए हम बाहर खड़े होकर बात कर रहे थे कि पुलिस प्रशासन ने वहां आकर भी सबको धमकाना शुरू कर दिया। हम सिर्फ़ पांच-सात लोग थे और व्हाइट पट्टी के अंदर (सड़क पर) थे। वहां कोई ट्रैफ़िक नहीं रुका। उसके बावजूद मुझे महिला थाने में ले गए कि मैंने वहां पर ट्रैफ़िक में बाधा उत्पन्न की है।
इक़रा हसन ने कहा, मुझे महिला थाने में ले गए और जो अन्य पैरोकार थे, परिवार के सदस्यों को दूसरे थाने में ले जाकर, उनका चालान करके जेल भेज दिया गया है। इक़रा हसन ने पुलिस की कथित कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए मृतक के परिजनों को रिहा करने की मांग की।
Current Media