Breaking News

चकबंदी लेखपाल का कथित रिश्वतखोरी वीडियो वायरल

ललितपुर। सूरज राजपूत । उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा भ्रष्टाचार के खिलाफ अपनाई गई जीरो टॉलरेंस नीति को लेकर लगातार सख्ती के दावे किए जाते हैं, लेकिन जनपद ललितपुर के ग्राम तालगांव से सामने आए एक वायरल वीडियो ने इन दावों पर सवालिया निशान खड़े कर दिए हैं। सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे एक वीडियो में चकबंदी विभाग में तैनात एक चकबंदी लेखपाल कथित तौर पर किसानों से रुपये लेते हुए दिखाई दे रहा है। आरोप है कि लेखपाल भूमि संबंधी नकल तैयार कराने और अभिलेखीय कार्यों के नाम पर किसानों से खुलेआम धनराशि वसूल रहा था।
वायरल वीडियो सामने आने के बाद पूरे इलाके में चर्चाओं का बाज़ार गर्म है। ग्रामीणों और किसानों के बीच इस मामले को लेकर भारी बेचौनी, नाराज़गी और मायूसी देखी जा रही है। लोगों का कहना है कि किसानों को सरकारी दफ्तरों के चक्कर लगाने पड़ते हैं और यदि ऐसे आरोप सही साबित होते हैं तो यह व्यवस्था की शफ़्फ़ाफ़ियत (पारदर्शिता) पर गंभीर सवाल खड़े करता है।

सूत्रों के मुताबिक वीडियो में कथित लेखपाल के सामने कुछ लोग रुपये रखते दिखाई दे रहे हैं। दावा किया जा रहा है कि यह रकम नकल जारी करने अथवा चकबंदी से जुड़े कार्यों के एवज में ली जा रही थी। हालांकि, वीडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि अभी नहीं हो सकी है और न ही संबंधित विभाग की ओर से इस संबंध में कोई आधिकारिक बयान जारी किया गया है।
मामले के तूल पकड़ने के बाद क्षेत्रीय नागरिकों ने पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराने की मांग उठाई है। लोगों का कहना है कि यदि वीडियो वास्तविक है और आरोपों में सच्चाई पाई जाती है तो संबंधित अधिकारी के खिलाफ कड़ी विभागीय कार्रवाई की जानी चाहिए, ताकि आम जनता का भरोसा प्रशासनिक तंत्र पर कायम रह सके।
गौरतलब है कि मुख्यमंत्री द्वारा भ्रष्टाचार के मामलों में जीरो टॉलरेंस की नीति को बार-बार दोहराया जाता रहा है। ऐसे में तालगांव से सामने आया यह कथित वीडियो प्रशासनिक कार्यप्रणाली और सरकारी दावों की हकीकत पर बहस छेड़ रहा है। अब सबकी निगाहें संबंधित विभाग की जांच और प्रशासन की अगली कार्रवाई पर टिकी हुई हैं।
फिलहाल, वायरल वीडियो की सत्यता की आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक तस्वीर साफ हो सकेगी।

About CURRENT MEDIA

Currentmedia.in राष्ट्रीय स्तर पर तेजी से बढ़ती हुई हिंदी समाचार वेबासाइट है। वेबसाइट में ब्यूरोक्रेसी में ताजा घटनाक्रम, देश और समाज के लिए अमूल्य योगदान देने वाले व अपने कार्यो के दम पर अपनी पहचान बनाने वाले आइएएस और आइपीएस अधिकारियों व डॉक्टरो, कानून के जानकारों की रोचक स्टोरी के साथ उनके जीवन संघर्षो पर आधारित निष्पक्ष लेख पाठक को मिलेंगे। वेबसाइट में अन्य क्षेत्रों के भी विश्वसनीय, प्रमाणिक और निष्पक्ष समाचार पाठक वर्ग के लिए उपलब्ध रहेगा, इसके लिए वेबसाइट की ऑनलाइन संपादकीय टीम हर रोज विस्तृत कंटेट अपडेट करती रहेगी। संपादकीय टीम की कोशिश यही रहेगी की न्यूज कंटेट को लेकर पाठक वर्ग को किसी तरह की निराशा हाथ न लगे। साइट 24 घंटे प्रयोग में रहेगी।

Check Also

नहीं रहे अभिनेता मुश्ताक़ ख़ान

मुंबई । हिंदी सिनेमा के जाने-माने अभिनेता मुश्ताक़ ख़ान का निधन हो गया है। ऑल …