शाहजहांपुर। मो0आफाक । कांट सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में तैनात वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. राजीव मेहरोत्रा की रविवार सुबह संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। उनका शव सरकारी आवास के अंदर बिस्तर के पास पेट के बल पड़ा मिला।
सूचना मिलने पर पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। फिलहाल मौत के कारणों का पता नहीं चल सका है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद स्थिति स्पष्ट होगी। डॉ. राजीव मेहरोत्रा मूल रूप से सीतापुर के विजयलक्ष्मी नगर के रहने वाले थे।

उनकी उम्र करीब 65 वर्ष थी। वह एमबीबीएस चिकित्सक थे और सेवानिवृत्ति के बाद भी स्वास्थ्य विभाग में अपनी सेवाएं दे रहे थे। करीब 25 वर्ष पहले उनका पत्नी से तलाक हो गया था और वह कांट सीएचसी परिसर स्थित सरकारी आवास में अकेले रहते थे। बताया जाता है कि डॉ. मेहरोत्रा रोजाना सुबह करीब चार बजे उठ जाते थे।
रविवार सुबह लगभग सात बजे जब सीएचसी का स्टाफ उनके आवास पर पहुंचा तो काफी देर तक दरवाजा नहीं खुला। कई बार आवाज देने के बावजूद अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। इसके बाद सीएचसी के सुपरवाइजर नीलाक्ष पाठक ने पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने चिकित्साधिकारी डॉ. आशुतोष और अस्पताल स्टाफ की मौजूदगी में आवास का दरवाजा खुलवाया। अंदर डॉ. मेहरोत्रा मृत अवस्था में मिले।
फोरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए और जांच शुरू कर दी। डॉक्टर के आवास के सामने रहने वाली स्टाफ नर्स अंजली मिश्रा ने बताया कि डॉ. मेहरोत्रा अपना नाश्ता स्वयं बनाते थे। शनिवार शाम करीब छह बजे उन्होंने बिजली की आपूर्ति के बारे में जानकारी ली थी। रविवार सुबह उनकी मौत की खबर मिलते ही स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों में शोक की लहर दौड़ गई।सीओ शुभम वर्मा ने बताया कि प्रथम दृष्टया मौत के कारण स्पष्ट नहीं हैं। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Current Media 