झांसी। राशिद पठान। झांसी शहर को अतिक्रमण मुक्त बनाने के उद्देश्य से नगर निगम ने गुरुवार को सिपरी बाजार क्षेत्र में अतिक्रमण विरोधी अभियान चलाया। नगर निगम की टीम ने सड़क और सार्वजनिक स्थानों पर किए गए अतिक्रमण को हटाने की कार्रवाई करते हुए नियमों का उल्लंघन करने वालों के चालान भी किए।
नगर निगम अधिकारियों ने बताया कि संबंधित दुकानदारों और अतिक्रमणकारियों को पूर्व में कई बार नोटिस और समय सीमा देकर स्वयं अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए गए थे। इसके बावजूद कई लोगों ने चेतावनी को गंभीरता से नहीं लिया। जिसके बाद नगर निगम की टीम ने मौके पर पहुंचकर अभियान चलाया और अतिक्रमण हटाने के साथ-साथ कई लोगों के चालान भी काटे।
कार्रवाई के दौरान नगर निगम अधिकारियों ने दुकानदारों को भविष्य में सार्वजनिक स्थानों पर अतिक्रमण न करने की चेतावनी देते हुए कहा कि यदि दोबारा अतिक्रमण किया गया तो और अधिक सख्त कार्रवाई की जाएगी।
नगर निगम का कहना है कि शहर में यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने और आम नागरिकों की सुविधा के लिए अतिक्रमण हटाओ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

Current Media