लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री श्री अखिलेश यादव ने कहा है कि समाजवादी पार्टी जीतेगी तभी लोकतंत्र और संविधान बचेगा नहीं तो 2027 का विधानसभा चुनाव आखिरी चुनाव होगा। उन्होंने कहा कि भाजपा लोकतंत्र का खत्म कर एक नए तरीके की डेमोक्रेसी लाना चाहती है। पश्चिम बंगाल में सेंट्रल फोर्स और प्रशासन दोनों पर कब्जा कर छल-छद्म से भाजपा ने जीत हासिल की। भाजपा से सावधान रहना है। चुनाव में प्रदेश में प्रशासन की साजिशों का रास्ता निकाला जाएगा।

श्री अखिलेश यादव समाजवादी पार्टी के राज्य मुख्यालय, लखनऊ में लखनऊ जनपद के प्रमुख पार्टी जनों, सांसद, विधायक, पूर्व विधायक, पदाधिकारियों तथा बूथ स्तर तक के प्रमुख कार्यकर्ताओं की बैठक को सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने कार्यकर्ताओं और नेताओं को जीत का मंत्र देते हुए कहा कि बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करें। भाजपा की साजिशों पर नजर रखे। भाजपा झूठ बोलती है, षड्यंत्रकारी पार्टी है। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में आईबी से पहले ही रिपोर्ट बनवा ली थी। उसी के अनुसार अधिकारी पोस्ट किए गए थे। यूपी के भी कई अधिकारी गये थे।
श्री यादव ने कहा कि भाजपा लोकतंत्र को खत्म कर रही है। अन्य दलों के सांसद तोड़ लिए है। भाजपा साजिश और षडयंत्र करेगी। महिला आरक्षण के नाम पर परिसीमन बिल लाने पर बड़ा परिवर्तन आएगा।
श्री अखिलेश यादव ने कहा कि परिसीमन और महिला आरक्षण के बहाने भाजपा की मंशा मनमानी करने की है। समाजवादी पार्टी महिला आरक्षण के पक्ष में है। भाजपा सिर्फ लोकसभा क्षेत्रों में सीटें बढ़ाना चाहती है, राज्यसभा में नहीं। भाजपा निर्वाचन क्षेत्रों में फेरबदल करना चाहती है।
श्री यादव ने कहा कि संसद जुलाई का अगला सत्र बहुत महत्वपूर्ण होगा। हमने लोकसभा चुनाव में भाजपा को हराया तो उनमें घबराहट फैली हुई है। प्रदेश में भाजपा ने कोई विकास कार्य नहीं किया। हमारी परियोजनाओं को ही अपनी बताकर उद्घाटन-शिलान्यास कर रहे हैं। जनता में जो आक्रोश है, भाजपा उससे भयभीत है। जनता ने भाजपा को विधानसभा चुनाव 2027 में सत्ता से हटाने का मन बना लिया है। भाजपा के अब गिने चुने दिन रह गये हैं।
Current Media 