Breaking News

जन भवन को स्वच्छ,एवं जीवंत बनाए रखना हम सभी की जिम्मेदारी -राज्यपाल

लखनऊ। प्रदेश की राज्यपाल श्रीमती आनंदीबेन पटेल ने जन भवन परिसर में नवनिर्मित बोनसाई गार्डन का लोकार्पण किया। लोकार्पण के उपरांत राज्यपाल जी ने गार्डन का अवलोकन किया तथा परिसर में स्थापित भगवान धन्वंतरि जी की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की।
राज्यपाल जी की परिकल्पना एवं मार्गदर्शन में विकसित इस गार्डन में आकर्षक वॉटरफॉल एवं फिश पॉन्ड का निर्माण किया गया है, जिससे परिसर के सौंदर्य एवं हरित वातावरण में नया आकर्षण जुड़ा है।


इस अवसर पर जन भवन में कार्यरत अधिकारियों, कर्मचारियों एवं अध्यासितों को संबोधित करते हुए राज्यपाल जी ने कहा कि किसी भी कार्य को करना और उसे पूर्ण करना आसान है, किंतु उसका निरंतर पर्यवेक्षण करना कठिन है। इसलिए कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग की आदत विकसित करने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि जहां हम रहते और कार्य करते हैं, वहां आपसी सद्भाव के साथ कार्य करने की भावना होनी चाहिए।
राज्यपाल जी ने कहा कि जन भवन हम सभी का अपना घर है। इसे स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित रखना प्रत्येक व्यक्ति की जिम्मेदारी है। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों से जिम्मेदारी की भावना के साथ कार्य करने तथा अपनी कार्य-पद्धति में सक्रियता एवं सकारात्मक सोच बनाए रखने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सामूहिक रूप से कार्य करने की पद्धति को प्रोत्साहन मिलने पर ही कार्य करने का भाव विकसित होगा। उन्होंने सभी से समय-समय पर आत्ममंथन करते हुए यह विचार करने को कहा कि वे अपने दायित्वों का निर्वहन सही ढंग से कर रहे हैं अथवा नहीं।
राज्यपाल जी ने 14 सितम्बर को जन भवन परिसर में लोकार्पित तीन थीम आधारित फाउंटेन, पंचतंत्र फाउंटेन, उत्तर प्रदेश राजकीय प्रतीक चिन्ह फाउंटेन एवं श्रीराम धनुष फाउंटेन के समुचित रखरखाव के लिए भी निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जन भवन की सुंदरता और व्यवस्थाओं को बनाए रखना केवल किसी एक व्यक्ति या विभाग का कार्य नहीं, बल्कि हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
उन्होंने जन भवन परिसर में ‘गंगोत्री से गंगासागर’ की थीम पर आधारित ‘गंगासागर नमो नमः’ परियोजना के प्रगति पर चल रहे कार्यों की सराहना की। उल्लेखनीय है कि इस परियोजना का लोकार्पण 17 सितम्बर 2026 को माननीय मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ जी की उपस्थिति में, माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के 76वें जन्मदिवस के अवसर पर प्रस्तावित है।
राज्यपाल जी ने बोनसाई गार्डन के निर्माण से जुड़े सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को बधाई दी और कहा कि इस प्रकार के कार्यों को बेहतर बनाए रखने के लिए निरंतर देखरेख एवं पर्यवेक्षण आवश्यक है।


इस अवसर पर विशेष कार्याधिकारी, श्री राज्यपाल (अपर मुख्य सचिव स्तर) डॉ. सुधीर महादेव बोबडे ने बोनसाई गार्डन के लोकार्पण की सराहना करते हुए बताया कि इसका निर्माण लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) द्वारा वित्तपोषित है तथा कार्य निर्धारित समय से पूर्व ही पूर्ण कर लिया गया है। उन्होंने बताया कि गार्डन में पॉन्ड, बहता हुआ पानी तथा जीवित मछलियों की व्यवस्था की गई है। उन्होंने पानी की गुणवत्ता एवं तापमान को उचित स्तर पर बनाए रखने तथा गार्डन के निरंतर रखरखाव एवं मॉनिटरिंग पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता बताई। उन्होंने नेशनल ब्यूरो ऑफ फिश जेनेटिक रिसोर्सेज के माध्यम से जन भवन के उद्यान विभाग कर्मियों को पॉन्ड के रख-रखाव, जल की गुणवत्ता व मछलियों के रख-रखाव हेतु आवश्यक प्रशिक्षण प्राप्त करने पर भी बल दिया। उन्होंने कहा कि इस सुंदर परिसर को बेहतर स्थिति में बनाए रखना हमारा दायित्व है और इसके लिए निरंतर मॉनिटरिंग आवश्यक है।
इस अवसर पर मंडलायुक्त, लखनऊ एवं एलडीए के अध्यक्ष श्री विजय विश्वास पंत ने राज्यपाल जी के मार्गदर्शन में जन भवन परिसर में किए जा रहे विभिन्न विकास एवं नवाचार कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि राज्यपाल जी की प्रेरणा एवं मार्गदर्शन में जन भवन में स्पेस लैब, प्राथमिक विद्यालय की स्थापना कर शिक्षा का सकारात्मक वातावरण तैयार किया गया है।
बोनसाई गार्डन के फिश पॉन्ड में ऑर्नामेंटल गोल्ड फिश मछलियां डाली गई हैं। मछलियों के स्वास्थ्य तथा पानी की गुणवत्ता की समय-समय पर जांच नेशनल ब्यूरो ऑफ फिश जेनेटिक रिसोर्सेज के माध्यम से कराई जाएगी। फिश पॉन्ड के नियमित रख-रखाव की जिम्मेदारी उद्यान विभाग एवं लोक निर्माण विभाग द्वारा सुनिश्चित की जा रही है।
ज्ञातव्य है कि जन भवन परिसर में विभिन्न थीम आधारित फाउंटेन एवं वॉटरफॉल विकसित करने का कार्य 06 जून, 2026 को प्रारम्भ हुआ था तथा इसकी निर्धारित पूर्णता तिथि 03 दिसम्बर, 2026 थी। परियोजना का समयबद्ध एवं प्रभावी क्रियान्वयन करते हुए उसे निर्धारित समय से लगभग चार माह पूर्व अगस्त, 2026 में ही पूर्ण कर लिया गया।
बोनसाई गार्डन में विकसित वॉटरफॉल, फिश पॉन्ड एवं हरित परिवेश जन भवन परिसर की प्राकृतिक सुंदरता को और अधिक समृद्ध करते हैं। यह गार्डन आगंतुकों के लिए प्रकृति, जल एवं जैव-विविधता के सुंदर समन्वय का आकर्षक अनुभव प्रस्तुत करेगा।

About CURRENT MEDIA

Currentmedia.in राष्ट्रीय स्तर पर तेजी से बढ़ती हुई हिंदी समाचार वेबासाइट है। वेबसाइट में ब्यूरोक्रेसी में ताजा घटनाक्रम, देश और समाज के लिए अमूल्य योगदान देने वाले व अपने कार्यो के दम पर अपनी पहचान बनाने वाले आइएएस और आइपीएस अधिकारियों व डॉक्टरो, कानून के जानकारों की रोचक स्टोरी के साथ उनके जीवन संघर्षो पर आधारित निष्पक्ष लेख पाठक को मिलेंगे। वेबसाइट में अन्य क्षेत्रों के भी विश्वसनीय, प्रमाणिक और निष्पक्ष समाचार पाठक वर्ग के लिए उपलब्ध रहेगा, इसके लिए वेबसाइट की ऑनलाइन संपादकीय टीम हर रोज विस्तृत कंटेट अपडेट करती रहेगी। संपादकीय टीम की कोशिश यही रहेगी की न्यूज कंटेट को लेकर पाठक वर्ग को किसी तरह की निराशा हाथ न लगे। साइट 24 घंटे प्रयोग में रहेगी।

Check Also

शाहजहांपुर में राष्ट्रीय लोक अदालत का शुभारंभ, वर्षों पुराने विवाद सुलझे; सात दंपतियों ने फिर थामा एक-दूसरे का हाथ

शाहजहांपुर। मुबारक अली। जिला न्यायालय परिसर में शनिवार को राष्ट्रीय लोक अदालत का शुभारंभ जिला …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *