शाहजहांपुर। मुबारक अली। जिलाधिकारी धर्मेन्द्र प्रताप सिंह ने मंगलवार को राजकीय इंटर कॉलेज शाहजहांपुर पहुंचकर परिसर में चल रहे जीर्णाेद्धार एवं निर्माण कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने विभिन्न कक्षों और परिसर में कराए जा रहे कार्यों की प्रगति देखी तथा संबंधित अधिकारियों से निर्माण की गुणवत्ता और कार्ययोजना की जानकारी ली।
कॉलेज में जीर्णाेद्धार एवं निर्माण कार्यों के लिए कुल 235.61 लाख रुपये की लागत का प्रावधान किया गया है। इसमें रिपेयरिंग व रेनोवेशन, सिविल वर्क, गेट, सीसी रोड और इलेक्ट्रिकल कार्य सहित अन्य कार्य शामिल हैं।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्माण कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण तरीके से और तय समयसीमा में पूरे किए जाएं। उन्होंने निर्माण सामग्री की गुणवत्ता पर विशेष निगरानी रखने और किसी भी स्तर पर लापरवाही मिलने पर कार्रवाई के निर्देश दिए।
डीएम ने कहा कि कार्य पूरे होने के बाद विद्यार्थियों को बेहतर और सुरक्षित शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध हो सकेगा। निरीक्षण के दौरान कॉलेज के प्रधानाचार्य और जिला सहकारी बैंक के अध्यक्ष डीपीएस राठौर सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

Current Media