वाशिंगटन। दुनिया की बड़ी टेक कम्पनियो में से एक माइक्रोसॉफ़्ट के सर्वर में तकनीकी समस्या आने की वजह से आउटलुक की लोकप्रिय ईमेल सेवा समेत कंपनी के कई ऑनलाइन प्रोग्राम प्रभावित हुए हैं। इस पर माइक्रोसॉफ़्ट का कहना है कि टीम्स, आउटलुक और एआई सॉफ़्टवेयर कोपायलट पर दुनिया भर में आई तकनीकी ख़राबी के बाद अब हालात में धीरे-धीरे सुधार हो रहा है। ईमेल भेजने और मिलने में आ रही परेशानी अब धीरे-धीरे कम हो रही है।
कंपनी का कहना है कि उसे किसी भी तरह की ग़लत गतिविधि का कोई सबूत नहीं मिला है। हालांकि, यूज़र्स को अभी भी बीच-बीच में माइक्रोसॉफ़्ट की सर्विसेज़ का इस्तेमाल करने में परेशानी हो सकती है। इस ख़राबी को आए 20 घंटे से ज़्यादा हो चुके हैं।

रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक़, तकनीकी समस्या शुरू होने के कई घंटे बाद भी आउटलुक ईमेल, टीम्स मैसेजिंग ऐप और माइक्रोसॉफ़्ट 365 की दूसरी सेवाएं ठप रहीं। इससे पहले कंपनी ने चेतावनी दी थी कि जिन सेवाओं को दोबारा शुरू किया गया है, उन पर ट्रैफ़िक बढ़ने से वे फिर से काम करना बंद कर सकती हैं । माइक्रोसॉफ़्ट के मुताबिक़, दुनिया के कई इलाक़ों में यह समस्या सामने आई है।
कंपनी ने पहले एक्स पर एक बयान में कहा था, यह समस्या किसी भी क्षेत्र के यूज़र्स के लिए माइक्रोसॉफ़्ट 365 सेवा से कनेक्ट होने में परेशानी पैदा कर सकती है। कंपनी ने आगे कहा, कई सर्वर अचानक ऑफ़लाइन हो गए हैं, जिससे बाकी इंफ़्रास्ट्रक्चर पर ज़रूरत से ज़्यादा दबाव पड़ रहा है। हम उन्हें सुरक्षित तरीक़े से दोबारा शुरू करने के लिए काम कर रहे हैं।
माइक्रोसॉफ़्ट के एक प्रवक्ता ने रॉयटर्स को बताया कि यह समस्या मुख्य रूप से एक्सचेंज ऑनलाइन में है। यह वह माइक्रोसॉफ़्ट 365 के मेलबॉक्स को मैनेज करने वाली सर्विस है। माइक्रोसॉफ़्ट 365 प्लेटफ़ॉर्म कई सेवाओं को सपोर्ट करता है। इनमें आउटलुक, ऑफ़िस सुइट, कोपायलट चौटबॉट और टीम्स इंस्टेंट मैसेजिंग सेवा शामिल हैं।
माइक्रोसॉफ़्ट की वेबसाइट के मुताबिक़, 43 करोड़ से ज़्यादा लोग माइक्रोसॉफ़्ट 365 ऐप्स का इस्तेमाल करते हैं। फ़ॉर्च्यून 500 कंपनियों में से 90 फ़ीसदी से ज़्यादा कोपायलट का इस्तेमाल करती हैं। आउटेज पर नज़र रखने वाले प्लेटफ़ॉर्म के मुताबिक़, माइक्रोसॉफ़्ट 365 का इस्तेमाल करने वाली कंपनियों की संख्या 30 लाख से 40 लाख के बीच है। आउटेज पर नज़र रखने वाली वेबसाइट डाउनडिटेक्टर ने बताया कि माइक्रोसॉफ़्ट की सेवाओं में आई इस रुकावट का असर क़रीब एक घंटे के भीतर 74 देशों में देखा गया।
भारतीय समय के अनुसार, गुरुवार को रात साढ़े 11 बजे के आसपास आउटलुक में परेशानी की शिकायतें दुनिया भर में बढ़कर क़रीब 1 लाख 40 हज़ार तक पहुंच गईं। यह सामान्य स्तर से 2,000 गुना से भी ज़्यादा था। डाउनडिटेक्टर के मुताबिक़, गुरुवार को रात 9.45 बजे के कुछ ही देर बाद पहली शिकायतें दर्ज की गई थीं। इससे पहले शायद इतनी बड़ी और और इतने देर तक सेवाएं बाधित नहीं हुई । इस बार यह संकट ज्यादा बड़ा दिख रहा है ।
Current Media 