लखनऊ । समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार ने 10 वर्ष में विकास का कोई कार्य नहीं किया। भाजपा के नकली दावो से सावधान रहना है। भाजपा नफरत की राजनीति करती है। विकास का कोई कार्य नहीं करती है सिर्फ ढिंढोरा पीटती है। श्री यादव ने कहा कि लोकतंत्र में सरकार जनता के प्रति जवाबदेह होती हैं लेकिन भाजपा सरकार को जनता की कोई परवाह नहीं है। महंगाई, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार चरम पर है ।

सोमवार को समाजवादी पार्टी के प्रदेश मुख्यालय लखनऊ में संगठन के कार्यकर्ताओं के साथ बैठक में श्री अखिलेश यादव ने कहा कि 2027 में समाजवादी पार्टी की सरकार बनना राज्य और लोकतंत्र के लिए बहुत आवश्यक है। भाजपा के कारण पिछले एक दशक से उत्तर प्रदेश अकर्मण्यता का शिकार हो गया है। उत्तर प्रदेश में करोडों़ नौजवान बेरोजगारी के शिकार हैं। भाजपा सरकार नौकरी और रोजगार के झूठे दावे करती है। जैसे-जैसे चुनाव करीब आएगा बीजेपी अपने झूठ के एजेंडे को और आगे बढ़ाएगी और शोर मचाएगी। उन्होंने कहा कि सपा की सरकार में किसानों, नौजवानों, छात्रों,मजदूरों के हित में बहुत से कार्य किए गए। उस समय किये गये सारे काम आज भी जनता को याद हैं।
श्री यादव ने कहा कि 2027 में प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार बनने जा रही है। जनता समाजवादी पार्टी के पक्ष में है। सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं को अनुशासन में रहकर लोगों के साथ सम्मानजनक भाषा और व्यवहार का परिचय देना है। भाजपा सरकार में किसी को न्याय नहीं मिल रहा है। अन्याय अत्याचार से जनता त्रस्त है। प्रदेश की जनता को समाजवादी पार्टी से बहुत उम्मीदें हैं। कार्यकर्ता और नेता जनता के बीच रहे। लोगों को न्याय दिलाने का काम करें। प्रदेश की जनता समाजवादी पार्टी को रिकॉर्ड संख्या में सीटें जिताने जा रही है।
Current Media 