लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राज्यपाल एवं राज्य विश्वविद्यालयों की कुलाधिपति श्रीमती आनंदीबेन पटेल की प्रेरणा से देर शाम जन भवन, लखनऊ में ख़्वाजा मुईनुद्दीन चिश्ती भाषा विश्वविद्यालय, लखनऊ के विद्यार्थियों द्वारा ‘नशा छोड़ो, जीवन जोड़ो’ विषय पर नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया गया। नाटक के माध्यम से लोगों, विशेषकर युवाओं को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करते हुए नशे से दूर रहने का संदेश दिया गया।

विद्यार्थियों ने अपनी प्रभावशाली प्रस्तुति के माध्यम से यह दर्शाया कि नशे की आदत व्यक्ति के स्वास्थ्य के साथ-साथ उसके परिवार और सामाजिक जीवन को भी प्रभावित करती है। नाटक में युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचने, स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवनशैली अपनाने तथा अपने भविष्य को बेहतर बनाने के लिए सजग रहने का संदेश दिया गया।
नुक्कड़ नाटक के माध्यम से विद्यार्थियों ने नशा मुक्ति के लिए व्यक्तिगत जागरूकता के साथ सामूहिक सहभागिता की आवश्यकता को भी रेखांकित किया। प्रस्तुति में युवाओं को नशे से दूर रहकर स्वस्थ समाज एवं नशा मुक्त राष्ट्र के निर्माण में अपनी भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया गया।
यह जागरूकता कार्यक्रम भारत सरकार के श्रम एवं रोजगार मंत्रालय तथा युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय द्वारा संचालित ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत-संकल्प अभियान’ के अंतर्गत आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करते हुए नशा मुक्ति के संदेश को जन-जन तक पहुंचाना है।
Current Media 