लखनऊ । उत्तर प्रदेश की राज्यपाल एवं राज्य विश्वविद्यालयों की कुलाधिपति श्रीमती आनंदीबेन पटेल की अध्यक्षता में आज डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम प्राविधिक विश्वविद्यालय (एकेटीयू), लखनऊ का 24वां दीक्षांत समारोह सम्पन्न हुआ। समारोह में कुल 62,537 विद्यार्थियों को उपाधियां प्रदान की गईं। साथ ही 55 विद्यार्थियों को पीएच.डी. की उपाधि तथा 84 पदक प्रदान किए गए। पदक विजेताओं में 52 छात्राओं तथा 31 छात्रों को सम्मानित किया गया। सभी उपाधियों एवं प्रमाणपत्रों को डिजीलाकर पर उपलब्ध कराया गया।

इस अवसर पर राज्यपाल जी ने जनपद सीतापुर के 340 आंगनबाड़ी केंद्रों को सशक्त बनाने के लिए आंगनबाड़ी किट वितरित कीं। इस अवसर पर जनपद लखनऊ की 500 एवं जनपद सीतापुर की 435 सहित कुल 935 बेटियों को एचपीवी वैक्सीन लगाई गई। विश्वविद्यालय द्वारा राजकीय बालगृह (बालिका) सिंधीखेड़ा में स्थापित चार एसी तथा गोद लिए गए दो विद्यालयों में विकसित स्मार्ट क्लासों का भी राज्यपाल जी ने लोकार्पण किया।
अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में राज्यपाल जी ने कहा कि डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम का जीवन इस बात का प्रमाण है कि परिस्थितियां नहीं, बल्कि परिश्रम, चरित्र और ऊंचे सपने व्यक्ति का भविष्य निर्धारित करते हैं। उन्होंने कहा कि साधारण परिवार से निकलकर देश के सर्वाेच्च संवैधानिक पद तक पहुंचने वाले डॉ. कलाम प्रत्येक भारतीय के लिए प्रेरणा स्रोत हैं। उन्होंने बताया कि उन्हें स्वयं रामेश्वरम जाकर वह प्राथमिक विद्यालय देखने का अवसर मिला, जहां डॉ. कलाम ने शिक्षा ग्रहण की थी और बाद में अपनी प्रतिभा एवं वैज्ञानिक कौशल से पूरे विश्व में भारत का गौरव बढ़ाया।
राज्यपाल जी ने कहा कि डॉ. कलाम का विकसित भारत का सपना केवल आर्थिक समृद्धि तक सीमित नहीं था, बल्कि ज्ञान, नवाचार, नैतिकता, आत्मनिर्भरता और मानवीय मूल्यों से परिपूर्ण भारत का निर्माण उनका लक्ष्य था। उन्होंने विद्यार्थियों का आह्वान किया कि वे बड़े सपने देखें, कठिन परिश्रम करें और ज्ञान, विज्ञान, नवाचार तथा नैतिक मूल्यों के आधार पर भारत को विश्वगुरु बनाने में अपना योगदान दें।
राज्यपाल जी ने कहा कि आज विज्ञान और प्रौद्योगिकी का युग है, जहां कृत्रिम बुद्धिमत्ता, डेटा साइंस, मशीन लर्निंग और रोबोटिक्स जैसी तकनीकें मानव जीवन को नई दिशा दे रही हैं। तकनीकी प्रगति के साथ भारतीय संस्कृति, भाषाओं और मूल्यों का संरक्षण भी उतना ही आवश्यक है। उन्होंने इस संदर्भ में केंद्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय द्वारा आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस एवं डेटा साइंस में बी.टेक. कार्यक्रम प्रारंभ करने की सराहना करते हुए कहा कि भारतीय भाषाओं और सांस्कृतिक विरासत को तकनीक से जोड़ना समय की आवश्यकता है।

उन्होंने कहा कि कृत्रिम बुद्धिमत्ता भारत के भविष्य की नई इबारत लिख रही है। माननीय प्रधानमंत्री जी द्वारा विशाखापट्टनम में गूगल एआई हब के शुभारंभ का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि इससे एआई की पहुंच आम नागरिकों तक होगी तथा शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, उद्योग और अनुसंधान सहित सभी क्षेत्रों में व्यापक परिवर्तन आएगा।
राज्यपाल जी ने कहा कि आज का भारत आत्मविश्वास के साथ आत्मनिर्भरता की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। ऊर्जा, रक्षा, विज्ञान और प्रौद्योगिकी के साथ-साथ हरित विकास के क्षेत्र में भी देश निरंतर नई उपलब्धियां प्राप्त कर रहा है। उन्होंने डीप वाटर एक्सप्लोरेशन मिशन, सौर ऊर्जा, एक पेड़ मां के नाम, अंतरराष्ट्रीय सौर गठबंधन, राष्ट्रीय ग्रीन हाइड्रोजन मिशन, ग्लोबल बायोफ्यूल एलायंस तथा वर्ष 2070 तक नेट-जीरो उत्सर्जन के लक्ष्य का उल्लेख करते हुए कहा कि भारत विकास और पर्यावरण संरक्षण के बीच संतुलन स्थापित करते हुए विश्व को नई दिशा दे रहा है।
राज्यपाल जी ने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे ज्ञान को नवाचार से, नवाचार को राष्ट्र निर्माण से तथा राष्ट्र निर्माण को पर्यावरण संरक्षण से जोड़ते हुए विकसित भारत-2047 के संकल्प को साकार करें। जिस राष्ट्र के युवा नवाचार को अपना संकल्प बना लेते हैं, उस राष्ट्र के भविष्य को कोई शक्ति रोक नहीं सकती। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि विश्वविद्यालय से निकलने वाले युवा भारत को विज्ञान, प्रौद्योगिकी, ऊर्जा, पर्यावरण संरक्षण और सतत विकास के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएंगे।
राज्यपाल जी ने मुख्य अतिथि एवं इंडियन ऑयल कॉर्पाेरेशन लिमिटेड के चेयरमैन श्री अरविंदर सिंह साहनी को विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत बताते हुए कहा कि ऊर्जा क्षेत्र में उनके दूरदर्शी नेतृत्व, नवाचार तथा राष्ट्र की ऊर्जा सुरक्षा के प्रति उल्लेखनीय योगदान ने उन्हें भारतीय ऊर्जा क्षेत्र के अग्रणी नेतृत्वकर्ताओं में विशिष्ट स्थान दिलाया है।

राज्यपाल ने अपने गुजरात प्रवास का उल्लेख करते हुए कहा कि वहां वाइब्रेंट गुजरात के माध्यम से निवेश को बढ़ावा देने के लिए व्यापक स्तर पर कार्य किया गया। इस संबंध में तैयार पुस्तक को विद्यालयों, महाविद्यालयों एवं विश्वविद्यालयों में उपलब्ध कराया गया, जिस पर विद्यार्थियों के बीच चर्चा होती थी। उन्होंने कहा कि ऐसे प्रयासों से युवाओं में जागरूकता बढ़ी और राज्य में निवेश को भी गति मिली।
समारोह में विश्वविद्यालय द्वारा गोद लिए गए विद्यालयों एवं राजकीय बालगृह (बालिका), सिंधीखेड़ा के बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए, जिनकी राज्यपाल ने सराहना करते हुए उन्हें सम्मानित किया।
राज्यपाल जी ने विश्वविद्यालय द्वारा गोद लिए गए विद्यालयों की विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेता विद्यार्थियों, एचपीवी टीकाकरण कार्यक्रम में योगदान देने वाले अधिकारियों तथा गोद लिए गए विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों को सम्मानित किया। उन्होंने विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों को पाँच श्रेणियों में स्टूडेंट स्टार्टअप अवार्ड प्रदान किए। इस अवसर पर रोगन कला के प्रख्यात कलाकार श्री आशीष शांतिलाल कंसारा को डी.लिट्. (मानद) उपाधि से सम्मानित किया गया। साथ ही विश्वविद्यालय से संबद्ध संस्थानों के शिक्षकों द्वारा लिखित पुस्तकों का विमोचन भी किया गया। उन्होंने विश्वविद्यालय परिसर में सहजन का पौधा रोपित कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
इस अवसर पर प्रदेश के प्राविधिक शिक्षा मंत्री श्री आशीष पटेल, इंडियन ऑयल कॉर्पाेरेशन लिमिटेड के चेयरमैन एवं मुख्य अतिथि श्री अरविंदर सिंह साहनी, प्रमुख सचिव प्राविधिक शिक्षा डॉ. एम.के.एस. सुंदरम, उत्तर प्रदेश शासन एवं जिला प्रशासन के अधिकारी, विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. जे.पी. पाण्डेय, कार्यपरिषद एवं विद्यापरिषद के सदस्य, संकायाध्यक्ष, शिक्षकगण, अभिभावक, छात्र-छात्राएं, आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियां, विभिन्न विद्यालयों से आए बच्चे उपस्थित रहे।
Current Media 