शाहजहांपुर । मुबारक अली। जनपद शाहजहॉपुर के थाना कोतवाली पुलिस टीम ने सराहनीय कार्य करते हुए 26 दिन से लापता चल रहे युवक को सकुशल बरामद कर परिजनों के सुपुर्द कर दिया। बरामद युवक की पहचान अनुज वर्मा पुत्र भगवानदास निवासी मोहल्ला बालाजी नगर, अजीजगंज के रूप में हुई है।
पुलिस अधीक्षक सौरभ दीक्षित के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक नगर देवेंद्र कुमार के मार्गदर्शन एवं क्षेत्राधिकारी नगर पंकज पंत के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक कोतवाली प्रदीप कुमार राय के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।
क्या है मामला
दिनांक 18 अप्रैल 2026 को वादिनी श्रीमती सुमन उर्फ सरला पत्नी भगवानदास ने थाना कोतवाली में अपने पुत्र अनुज वर्मा के गुम हो जाने की सूचना दी थी। जिस पर पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर तलाश शुरू की। बाद में 5 मई को मामले को धारा 140(3) बीएनएस के तहत मु0अ0सं0 136/2026 में तरमीम कर दिया गया।
कैसे हुई बरामदगी
गठित पुलिस टीम द्वारा लगातार सुरागरसी-पतारसी एवं तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर तलाश की जा रही थी। इसी क्रम में 14 मई 2026 को सुबह 10-30 बजे सूचना के आधार पर अपहृत अनुज वर्मा को बरेली मोड़, थाना कोतवाली क्षेत्र से सकुशल बरामद कर लिया गया।
पूछताछ में अनुज वर्मा ने बताया कि वह परिजनों से नाराज होकर अपनी इच्छा से घर से चला गया था और उसने अपना मोबाइल फोन बंद कर लिया था।
परिजनों ने जताया आभार
बरामदगी की सूचना पर परिजनों ने प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने बताया कि पुत्र के गुम होने से वे किसी अनहोनी की आशंका से भयभीत थे। सकुशल बरामदगी पर उन्होंने शाहजहांपुर पुलिस की कार्यवाही पर पूर्ण संतोष व्यक्त करते हुए पुलिस टीम की भूरि-भूरि प्रशंसा की।
पुलिस ने वैधानिक कार्रवाई पूर्ण कर अनुज वर्मा को सकुशल परिजनों के सुपुर्द कर दिया है। बरामद करने वाली टीम इस सफल ऑपरेशन में प्रभारी निरीक्षक प्रदीप कुमार राय, उ0नि0 प्रमोद प्रसाद, उ0नि0 मोहसिन अली, हे0का0 कुलदीप तथा हे0का0 महेशपाल सिंह शामिल रहे।
Current Media