फर्रुखाबाद/शमसाबाद। विश्व प्रकाश चतुर्वेदी । जनपद में बिजली के तार चोरी करने वाले गिरोह का एसओजी, सर्विलांस और शमसाबाद थानाध्यक्ष ब पुलिस की संयुक्त टीम ने भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने गिरोह के सात आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी के बिजली के तारों के नौ बंडल समेत बड़ी मात्रा में सामान बरामद किया है।

वहीं एसपी आरती सिंह ने प्रेसवार्ता कर मामले का खुलासा किया है। पुलिस के मुताबिक, थाना मोहम्मदाबाद क्षेत्र में एक अक्टूबर को 14 बिजली के पोलों से तार चोरी किए गए थे। इस मामले में रामबाबू यादव ने मुकदमा दर्ज कराया था। वहीं थाना शमसाबाद क्षेत्र में भी 18 बिजली के पोलों से तार चोरी होने की घटना सामने आई थी। इस मामले में जेई और ग्रामीण दीपक की ओर से रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी।
दोनों थाना क्षेत्रों में कुल 32 बिजली के पोलों से तार चोरी किए गए थे,पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे पहले मोटरसाइकिल से रेकी करते थे। नई बिजली लाइन बिछाए जाने वाले स्थानों को चिह्नित करते थे,क्योंकि नई लाइन में बिजली का करंट नहीं होता है। इसके बाद मौका देखकर तार काटकर चोरी कर लेते थे। पुलिस के अनुसार, गिरोह में बिजली लाइन बिछाने के काम से जुड़े मजदूर भी शामिल थे, आरोपी चोरी का सामान बेचकर मिलने वाली रकम आपस में बांट लेते थे। उन्होंने अपने शौक और खर्चे पूरे करने के लिए चोरी करने की बात कबूली।

गिरफ्तार आरोपियों में संजय गंगवार निवासी कुइयां खेड़ा,लाल बहादुर,वीपी सिंह उर्फ विमल,सबलू,आमिर,तस्लीम और आसिम शामिल हैं पुलिस ने इनके कब्जे से एक अशोक लीलैंड लोडर,दो मोटरसाइकिल, 11/33 केवी के नौ बंडल बिजली के तार, छह प्लास्टिक के बोरों में केबल के कटे हुए टुकड़े,करीब चार किलो तांबे की पत्तियां,दो कटर, पोल पर चढ़ने वाली चप्पल,इलेक्ट्रॉनिक तराजू,ट्रांसफार्मर का तेल,छह मोबाइल फोन और 1910 रुपये बरामद किए हैं ।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों का पूर्व में भी चोरी के मामलों में आपराधिक रिकॉर्ड रहा है इनके खिलाफ थाना शमसाबाद,कमालगंज और कोतवाली मोहम्मदाबाद में बिजली तार चोरी से संबंधित मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने सभी सात आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है ।
Current Media 