उत्तर प्रदेश की राज्यपाल श्रीमती आनंदीबेन पटेल की प्रेरणा एवं मार्गदर्शन में जन भवन प्रांगण, लखनऊ में 28 फरवरी से प्रारम्भ “चांसलर कप” इंटर यूनिवर्सिटी क्रिकेट टूर्नामेंट में आज रोमांचक फाइनल मुकाबला सम्पन्न हुआ, जिसमें संजय गांधी स्नातकोत्तर आयुर्विज्ञान संस्थान तथा ख्वाजा मोइनुद्दीन चिश्ती भाषा विश्वविद्यालय की टीमें आमने-सामने रहीं और एसजीपीजीआई की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 4 विकेट से जीत दर्ज कर टूर्नामेंट का खिताब अपने नाम कर लिया।

फाइनल मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए ख्वाजा मोइनुद्दीन चिश्ती भाषा विश्वविद्यालय की टीम ने निर्धारित 12 ओवरों में 7 विकेट के नुकसान पर 80 रन बनाए। टीम की ओर से शबीह हैदर ने 37 रन तथा मृणाल झा ने 23 रनों का योगदान दिया। एसजीपीजीआई की ओर से पवन पाल और हिमांशु ने प्रभावी गेंदबाजी करते हुए 3-3 विकेट हासिल किए।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी संजय गांधी स्नातकोत्तर आयुर्विज्ञान संस्थान की टीम ने 9.3 ओवर में 6 विकेट के नुकसान पर 82 रन बनाकर मैच अपने नाम कर लिया। टीम की ओर से प्रवीण और पवन पाल ने 25-25 रनों की महत्वपूर्ण पारियां खेलीं, जबकि हिमांशु ने अंत में तेज बल्लेबाजी करते हुए टीम को जीत दिलाई।
फाइनल मुकाबले में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए विजेता टीम के पवन पाल को मैन ऑफ द मैच घोषित किया गया।
पूरे टूर्नामेंट में शानदार बल्लेबाजी के लिए ए.के.टी.यू. के खिलाड़ी कुंदन सिंह को बेस्ट बैट्समैन का पुरस्कार प्रदान किया गया। कुंदन सिंह ने टूर्नामेंट में कुल 238 रन बनाते हुए लगभग 234.74 के स्ट्राइक रेट से प्रभावशाली प्रदर्शन किया।
इसी प्रकार उत्कृष्ट गेंदबाजी के लिए डॉ. शकुंतला मिश्रा राष्ट्रीय पुनर्वास विश्वविद्यालय के खिलाड़ी वीरेन्द्र शर्मा को बेस्ट बॉलर घोषित किया गया, जिन्होंने टूर्नामेंट में कुल 8 विकेट प्राप्त किए।
टूर्नामेंट में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के आधार पर ए.के.टी.यू. के कुंदन सिंह को ही प्लेयर ऑफ द सीरीज चुना गया। उन्होंने पूरे टूर्नामेंट में 238 रन बनाने के साथ 4 विकेट भी प्राप्त किए।
विदित है कि इस टूर्नामेंट में लखनऊ स्थित विभिन्न विश्वविद्यालयों लखनऊ विश्वविद्यालय, ख्वाजा मोइनुद्दीन चिश्ती भाषा विश्वविद्यालय, संजय गांधी स्नातकोत्तर आयुर्विज्ञान संस्थान, किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी, डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम प्राविधिक विश्वविद्यालय, डॉ. शकुंतला मिश्रा राष्ट्रीय पुनर्वास विश्वविद्यालय, डॉ. राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान तथा अटल बिहारी वाजपेयी चिकित्सा विश्वविद्यालय की टीम ने भाग लिया।

फाइनल मैच के उपरांत जन भवन में “चांसलर कप” इंटर यूनिवर्सिटी क्रिकेट टूर्नामेंट के विजेता संजय गांधी स्नातकोत्तर आयुर्विज्ञान संस्थान तथा जन भवन की टीम के मध्य एक मैत्री क्रिकेट मैच का भी आयोजन किया गया, जिसमें एसजीपीजीआई की टीम ने जन भवन को 6 रनों से पराजित कर जीत दर्ज की।
पहले बल्लेबाजी करते हुए एसजीपीजीआई की टीम ने निर्धारित 12 ओवरों में 6 विकेट के नुकसान पर 96 रन बनाए। टीम की ओर से आलोक ने उत्कृष्ट बल्लेबाजी करते हुए 34 गेंदों में 47 रन बनाए, जिसमें 1 चौका और 6 छक्के शामिल रहे। राघवेंद्र ने 11 रन तथा अरुण और एस.पी. यादव ने 15-15 रनों का योगदान दिया।
जन भवन की ओर से गेंदबाजी करते हुए संजय, प्रभाकर पांडेय, विनोद, आनंद मौर्य तथा साहिल ने एक-एक विकेट प्राप्त किया।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी जन भवन की टीम निर्धारित 12 ओवरों में 7 विकेट के नुकसान पर 90 रन ही बना सकी। टीम की ओर से ओएसडी श्री अशोक देसाई ने 29 रन तथा साहिल ने 18 गेंदों में 28 रन बनाकर टीम को जीत दिलाने का प्रयास किया। इसके अतिरिक्त आनंद मौर्य ने 4 गेंदों में 13 रन बनाए।
एसजीपीजीआई की ओर से गेंदबाजी में विक्रांत और अनूप ने दो-दो विकेट प्राप्त किए, जबकि अजीत और पवन को एक-एक सफलता मिली।
उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए एसजीपीजीआई टीम के आलोक को “मैन ऑफ द मैच” घोषित किया गया।
इस अवसर पर राज्यपाल श्रीमती आनंदीबेन पटेल ने सभी प्रतिभागियों को बधाई देते हुए कहा कि खेल जीवन में शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य के लिए अत्यंत आवश्यक हैं। उन्होंने कहा कि कार्य की व्यस्तताओं के बीच भी प्रत्येक व्यक्ति को खेल के लिए समय अवश्य निकालना चाहिए। खेल न केवल स्वास्थ्य को सुदृढ़ बनाते हैं, बल्कि आपसी परिचय, सहयोग और सकारात्मक सोच को भी बढ़ावा देते हैं।
उन्होंने विद्यार्थियों से नियमित रूप से खेलकूद में भाग लेने का आह्वान करते हुए कहा कि विद्यार्थियों और कुलपतियों के बीच संवाद एवं सहभागिता बढ़नी चाहिए। उन्होंने अभिभावकों से भी अपील की कि वे बच्चों को मैदान में खेल के लिए प्रोत्साहित करें और प्रतिदिन कम से कम एक घंटा खेल के लिए अवश्य दें।
कार्यक्रम में राज्यपाल जी ने विजेता टीम, उप विजेता टीम, सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ी, कमेंटेटर, स्कोरर, अम्पायर सहित सभी संबंधित को सम्मानित किया।
टूर्नामेंट का संचालन जन भवन के विशेष कार्याधिकारी, श्री राज्यपाल, श्री अशोक देसाई तथा डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम प्राविधिक विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. जे.पी. पांडेय के नेतृत्व में किया गया। टूर्नामेंट के खेल प्रबंधक एवं कमेंटेटर जन भवन के पी.एस.ओ. श्री जमाल अहमद सिद्दीकी ने अपनी उत्साहपूर्ण कमेंट्री से खिलाड़ियों के साथ-साथ दर्शकों का भी जोश लगातार बनाए रखा।
परिसहाय श्री राज्यपाल श्री पुनीत द्विवेदी द्वारा सम्पूर्ण खेल का संक्षित्प परिचय दिया गया।
इस अवसर पर विशेष कार्याधिकारी, श्री राज्यपाल (अपर मुख्य सचिव स्तर) डॉ. सुधीर महादेव बोबड़े, परिसहाय श्री राज्यपाल श्री पुनीत द्विवेदी, प्रतिभागी विश्वविद्यालयों के कुलपतिगण, अधिकारीगण, कर्मचारीगण एवं खिलाड़ी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
Current Media 