लखनऊ । प्रदेश की राज्यपाल श्रीमती आनंदीबेन पटेल ने बरेली में लखनऊ पब्लिक स्कूल की नई शाखा का उद्घाटन किया। अपने संबोधन में उन्होंने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि बघेल जी द्वारा जनपद बरेली में विद्यालय की स्थापना शिक्षा के क्षेत्र में एक सराहनीय पहल है। उन्होंने कहा कि बच्चों को ऐसी शिक्षा मिलनी चाहिए जिससे वे भविष्य की वैश्विक चुनौतियों का सामना कर सकें। इसके लिए तकनीकी शिक्षा को बढ़ावा देना, नए पाठ्यक्रम शुरू करना, शिक्षकों का प्रशिक्षण तथा बच्चों में कौशल विकास आवश्यक है। उन्होंने एक ऐसे भारत के निर्माण का आह्वान किया, जो पुनः विश्वगुरु के रूप में स्थापित हो।

राज्यपाल महोदया ने कहा कि किसी भी राष्ट्र को नई दिशा देने की शुरुआत शिक्षा से होती है और आज का युग डिजिटल परिवर्तन का युग है। शिक्षा का उद्देश्य केवल किताबी ज्ञान तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि उसमें संस्कार युक्त शिक्षा का समावेश भी आवश्यक है। उन्होंने कहा कि शिक्षक केवल पाठ पढ़ाने वाला नहीं, बल्कि विद्यार्थियों के भविष्य का निर्माण करने वाला शिल्पकार होता है।
उन्होंने कहा कि जन भवन में ‘जन भवन’ पहल के अंतर्गत गरीब एवं असहाय बच्चों को न केवल पहचान दी गई है, बल्कि उन्हें मंच भी प्रदान किया जा रहा है। उन्होंने डॉ0 एस0पी0 सिंह बघेल जी द्वारा विद्यालय के 500 बच्चों के लिए दो जोड़ी ड्रेस की व्यवस्था किए जाने की सराहना की तथा जन भवन की सुरक्षा व्यवस्था में तैनात कर्मियों को भी इस पहल से जोड़े जाने का उल्लेख किया।
राज्यपाल महोदया ने कहा कि विश्वविद्यालयों को अपने परिसरों से बाहर निकलकर गांव-गांव जाकर किसानों, युवाओं और महिलाओं तक ज्ञान पहुंचाना चाहिए। उन्होंने बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए उनके घर, विद्यालय एवं अन्य गतिविधियों पर सकारात्मक निगरानी रखने तथा उन्हें सही दिशा देने की आवश्यकता पर बल दिया।
उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में भौतिक समृद्धि के बावजूद पारिवारिक मूल्यों में गिरावट देखने को मिल रही है, जिसे शिक्षा के माध्यम से ही सुधारा जा सकता है। उन्होंने समावेशी शिक्षा पर जोर देते हुए कहा कि जब शिक्षा समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचती है, तभी वास्तविक परिवर्तन संभव होता है और नए भारत का निर्माण होता है। उन्होंने विद्यालय प्रबंधन से अपील की कि झोपड़पट्टी क्षेत्र के कम से कम पांच बच्चों को निःशुल्क शिक्षा प्रदान की जाए।

इस अवसर पर राज्यपाल महोदया ने बच्चों को चॉकलेट एवं फल वितरित किए। कार्यक्रम में छात्राओं ने सर्वधर्म समभाव एवं देशभक्ति पर आधारित मनमोहक प्रस्तुतियां दीं।
इस अवसर पर महापौर डॉ. उमेश गौतम, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती रश्मि पटेल, कुलपति प्रो. के.पी. सिंह, लखनऊ पब्लिक स्कूल के संस्थापक डॉ. एस.पी. सिंह बघेल, पूर्व एमएलसी/मुख्य प्रशासिका श्रीमती क्रांति सिंह, प्रबंध निदेशक श्री सुशील कुमार, महाप्रबंधक श्री शिखर पाल सिंह, जनरल मैनेजर श्री हर्षित सिंह सहित गणमान्य नागरिक, छात्र-छात्राएं एवं अभिभावकगण उपस्थित रहे।
Current Media