ललितपुर। सूरज राजपूत । जिले के विकासखंड बार क्षेत्र में सोमवार दोपहर आई तेज आंधी, तूफान और मूसलाधार बारिश ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। बारिश से बचने के लिए जिस आम के पेड़ की छांव में 55 वर्षीय महिला ने पनाह ली थी, वही पेड़ उसकी जिंदगी का आखिरी पड़ाव साबित हुआ। तेज हवाओं के चलते आम का विशाल पेड़ जड़ समेत उखड़कर महिला पर गिर पड़ा, जिससे उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।

जानकारी के मुताबिक थाना बार क्षेत्र के ग्राम सेमरा भागनगर निवासी सरजू बाई (55) पत्नी चुन्नालाल मंगलवार दोपहर करीब तीन बजे चिगलौआ वाले कूप के पास अपनी बकरियां चरा रही थीं। इसी दौरान मौसम ने अचानक करवट ली और तेज गरज-चमक के साथ आंधी और बारिश शुरू हो गई। खुद को महफूज रखने के इरादे से सरजू बाई पास खड़े एक आम के पेड़ के नीचे जाकर खड़ी हो गईं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार तेज तूफान के दबाव को पेड़ सहन नहीं कर सका और जड़ सहित उखड़कर सरजू बाई पर जा गिरा। पेड़ की भारी डालों की चपेट में आने से वह गंभीर रूप से घायल हो गईं और कुछ ही क्षणों में उनकी सांसें थम गईं। हादसा इतना भयावह था कि आसपास मौजूद लोग उन्हें बचाने का प्रयास भी नहीं कर सके।
हादसे की खबर गांव पहुंचते ही मातम पसर गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि पूरे इलाके में गम और अफसोस का माहौल बना हुआ है। सूचना मिलने पर थाना बार पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर मामले की आवश्यक कार्रवाई में जुटी है।
इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर साबित कर दिया कि प्राकृतिक आपदाओं के दौरान पेड़ों के नीचे शरण लेना कई बार जानलेवा भी साबित हो सकता है।
Current Media 