ललितपुर। सूरज राजपूत । मोहर्रम के मौके पर जिले में अमन-ओ-अमान और कानून व्यवस्था को मुकम्मल बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद नजर आया। जिलाधिकारी सत्य प्रकाश और पुलिस अधीक्षक मो. मुश्ताक ने गुरुवार को संयुक्त रूप से कर्बला घाट का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया । और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। इसके बाद दोनों वरिष्ठ अधिकारियों ने शहर के प्रमुख मार्गों पर पैदल गश्त कर सुरक्षा इंतजामों का निरीक्षण किया तथा आमजन से भाईचारे और सौहार्द के साथ पर्व मनाने की अपील की।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने कर्बला घाट पर साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था और सुरक्षा प्रबंधों की बारीकी से समीक्षा की। वहीं जल संस्थान और संबंधित विभागों को घाटों पर नाव एवं गोताखोरों की तैनाती सुनिश्चित करने के आदेश भी दिए गए।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि मोहर्रम के दौरान किसी भी प्रकार की नई परंपरा शुरू नहीं की जाएगी और सभी आयोजन पूर्व निर्धारित परंपराओं के अनुसार ही संपन्न होंगे। उन्होंने आयोजकों को आगाह किया कि ताजियों की ऊंचाई निर्धारित मानकों के अनुरूप ही रहे तथा सभी ताजिए तयशुदा स्थल कर्बला में ही ठंडे किए जाएं। साथ ही डीजे और ध्वनि विस्तारक यंत्रों की आवाज शासन द्वारा निर्धारित सीमा से अधिक न रखने की हिदायत दी गई।
पुलिस अधीक्षक मो. मुश्ताक ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कड़ा रुख अपनाते हुए कहा कि जुलूस के दौरान किसी भी व्यक्ति को अस्त्र-शस्त्र, लाठी-डंडा या ज्वलनशील सामग्री लेकर चलने की अनुमति नहीं होगी। उन्होंने पुलिस अधिकारियों को संवेदनशील स्थानों पर विशेष सतर्कता बरतने तथा ताजिया जुलूस के दौरान लगातार निगरानी बनाए रखने के निर्देश दिए। यातायात व्यवस्था को सुचारु रखने के लिए निर्धारित रूट प्लान के अनुसार ट्रैफिक संचालन सुनिश्चित करने को भी कहा गया।
प्रशासन ने सुरक्षा के मद्देनजर आधुनिक तकनीक का भी सहारा लिया है। पूरे जुलूस मार्ग की निगरानी ड्रोन कैमरों के जरिए की जाएगी, जबकि सोशल मीडिया सेल विभिन्न प्लेटफॉर्मों पर नजर रखकर अफवाह फैलाने वालों और माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वाले तत्वों पर कड़ी कार्रवाई करेगा।

पैदल मार्च के दौरान जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने शहर के गणमान्य नागरिकों, धर्मगुरुओं और व्यापारियों से संवाद कर शांति, भाईचारे और गंगा-जमुनी तहजीब की मिसाल कायम रखने की अपील की। अधिकारियों ने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य केवल सुरक्षा सुनिश्चित करना नहीं, बल्कि मोहर्रम का पर्व पूरी शांति, श्रद्धा और सौहार्द के वातावरण में संपन्न कराना है।
इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक कालू सिंह, उप जिलाधिकारी सदर मनीष कुमार, क्षेत्राधिकारी सदर सुनील भारद्वाज सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, धर्मगुरु एवं गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
Current Media 