शाहजहाँपुर। मुबारक अली । जिलाधिकारी धर्मेन्द्र प्रताप सिंह ने कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक में 12 जुलाई को होने वाले वृक्षारोपण महायज्ञ 2026-27 की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय से समयबद्ध तरीके से तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए।
डीएम ने बताया कि 12 जुलाई को सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक पूरे जनपद में पौधों का वितरण और वृक्षारोपण किया जाएगा। अभियान के तहत ऊर्जावन, समरस वन और अविरल धारा वन सहित विभिन्न थीम आधारित वन विकसित किए जाएंगे।
बैठक में बंडा, पुवायां, सिंधौली, भावलखेड़ा, ददरौल, कांट, मदनापुर, जलालाबाद, मिर्जापुर, तिलहर, खुदागंज और निगोही क्षेत्र में प्रस्तावित वृक्षारोपण की तैयारियों की समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने सभी स्थलों पर गड्ढों की खुदाई और पौधों के उठान का कार्य समय से पूरा करने तथा प्रत्येक पौधे की जियो-टैगिंग अनिवार्य रूप से कराने के निर्देश दिए।
बैठक में नगर आयुक्त सौम्या गुरुरानी, डीएफओ सचिन कुमार, मुख्य विकास अधिकारी उत्कर्ष द्विवेदी, अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) रजनीश कुमार सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Current Media